पंजाब में SIR-2026 को बड़ी सफलता: 16 दिनों में 1 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण

2

चंडीगढ़: पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि 25 जून से शुरू हुए इस अभियान के मात्र 16 दिनों के भीतर राज्य में 1 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण किया जा चुका है। वहीं, 99.34 प्रतिशत घरों तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), पर्यवेक्षकों, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) ने लगातार मेहनत की है। राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों और 24,453 मतदान केंद्रों पर समयबद्ध तरीके से गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया गया है।

उन्होंने कहा कि अभियान को गति देने के लिए 11 और 12 जुलाई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में शेष गणना प्रपत्र भरे और डिजिटाइज किए जाएंगे। साथ ही मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों और लिंकिंग संबंधी विसंगतियों को भी दूर किया जाएगा तथा मतदाताओं को अपने विवरण सत्यापित और अपडेट कराने में सहायता दी जाएगी।

अनिंदिता मित्रा ने बताया कि 24,453 बीएलओ 25 जून से 24 जुलाई तक पंजाब के 2.14 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 24 जुलाई तक पूरा होगा, जबकि 3 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियां 2 सितंबर तक स्वीकार की जाएंगी तथा अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित होगी।

मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष शिविरों में भाग लेकर अपने मतदाता विवरणों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अंतिम सूची से वंचित न रहे।