मुंबई के बांद्रा में दर्दनाक हादसा, इनोवा की टक्कर से 9 साल के बच्चे की मौत; महिला चालक गिरफ्तार

16

मुंबई: मुंबई के बांद्रा पश्चिम इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा बांद्रा पश्चिम स्थित जिजामाता गार्डन के सामने 30 अगस्त को दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच हुआ।

जानकारी के मुताबिक, 9 वर्षीय अंश रविंद्र गुप्ता सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक इनोवा क्रिस्टा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बच्चे के ऊपर से गुजर गई। हादसे में अंश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद घायल बच्चे को इलाज के लिए हॉली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में महिला चालक मेघा रावल को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह कार चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रही थी और तेज व लापरवाही से वाहन चला रही थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

बांद्रा पुलिस ने आरोपी महिला चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 281 और 125 के साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त वाहन की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

9 वर्षीय बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इस हादसे ने मुंबई में सड़क सुरक्षा और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।