मोहाली में बनेगा आधुनिक वृद्धाश्रम, बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए मान सरकार का बड़ा फैसला

9

चंडीगढ़, 8 जुलाई

पंजाब सरकार ने बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में अत्याधुनिक सीनियर सिटिजन होम (वृद्धाश्रम) का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए गमाडा ने सेक्टर-78 में 2.92 एकड़ भूमि आवंटित कर दी है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने यह जानकारी देते हुए कहा कि परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी देखभाल करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने कहा कि सरकार केवल एक भवन नहीं बना रही, बल्कि ऐसा सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय तैयार कर रही है, जहां बेसहारा बुजुर्गों को परिवार जैसा माहौल, अपनापन और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि पंजाब का कोई भी बुजुर्ग अकेलेपन या लाचारी का जीवन जीने के लिए मजबूर न हो और हर बुजुर्ग के चेहरे पर मुस्कान बनी रहे।

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए एस्टेट अधिकारी (प्लॉट्स), गमाडा, पुड्डा भवन, मोहाली को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों से कहा गया है कि निर्धारित नियमों के अनुसार जल्द से जल्द भूमि का भौतिक कब्जा जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, मोहाली को सौंपा जाए ताकि निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके।

सरकार का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह वृद्धाश्रम उन बुजुर्गों के लिए सुरक्षित आश्रय बनेगा, जिन्हें देखभाल और सहयोग की आवश्यकता है। यहां रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, देखभाल और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।