पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू के मर्डर मामले का मुख्य आरोपी जोबनप्रीत मुंबई से गिरफ़्तार

10

पंजाबी इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू (उर्फ़ मधुसूदन) की हत्या के मामले में, पंजाब पुलिस ने मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ़्तार किया है। यह ऑपरेशन जालंधर काउंटर-इंटेलिजेंस टीम ने मुंबई ATS के साथ मिलकर चलाया।पुलिस ने आरोपी के पास से तीन पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किए हैं। पंजाब के DGP गौरव यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए गिरफ़्तारी की पुष्टि की।

बता दे कि मैड संधू की 3 अक्टूबर को अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपनी गाड़ी लेने के लिए लोहारका रोड स्थित एक कार-वॉशिंग सेंटर पर पहुँचे थे, तभी मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने बहुत पास से उनकी छाती में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मैड संधू को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

पंजाब के DGP गौरव यादव ने अपने ‘X’ हैंडल पर इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। उनके अनुसार, शुरुआती जाँच से पता चला है कि जोबनप्रीत विदेश में बैठे हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहा था। उस पर शूटर्स को हथियार सप्लाई करने, आपराधिक गतिविधियों के लिए पैसे मुहैया कराने और दूसरी ज़रूरी मदद का इंतज़ाम करने का आरोप है। जाँच में तरनतारन ज़िले में रंगदारी के लिए गोलीबारी की तीन घटनाओं में भी आरोपी की भूमिका का पता चला है; पुलिस अभी इन मामलों में उसकी भूमिका की जाँच कर रही है।