चंडीगढ़/दुबई: वैश्विक निवेश को आकर्षित करने के व्यापक प्रयास के तहत पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने यू.ए.ई. के शीर्ष कारोबारी समूहों के समक्ष राज्य की निवेशक-अनुकूल औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 और सिंगल-विंडो क्लीयरेंस सिस्टम का खाका पेश किया तथा ‘इन्वेस्ट पंजाब’ के माध्यम से समयबद्ध सुविधाएं, जवाबदेह प्रशासन और समर्पित सहयोग का भरोसा दिया।
इससे पहले दुबई में भारत के कौंसुल जनरल डॉ. ए.एम. विष्णु वर्धन रेड्डी ने पंजाब में निवेश को प्रोत्साहित करने, निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने और निवेशकों के विश्वास को और मजबूत करने के विषयों पर चर्चा के लिए श्री अमन अरोड़ा के सम्मान में नाश्ते की मेजबानी की।
अपने दुबई दौरे के दौरान श्री अमन अरोड़ा ने क्षेत्र-आधारित निवेश अवसरों, कारोबार से कारोबार (बी-टू-बी) साझेदारियों, तकनीकी सहयोग और पंजाब के विकास में यू.ए.ई. की अधिकतम भागीदारी की संभावनाओं को तलाशने के लिए प्रमुख कारोबारी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं, जिनमें शराफ ग्रुप के अध्यक्ष और सी.ई.ओ. श्री श्याम कपूर, माउंट मेरू ग्रुप के प्रेसिडेंट एनर्जी श्री अतुल मित्तल, अल डोबोवी ग्रुप के चेयरमैन श्री सुरिंदर सिंह कंधारी, जैकीज के श्री जैकी पंजाबी, अपैरल ग्रुप के चेयरमैन श्री नीलेश वेद, लुलु रिटेल होल्डिंग्स पी.एल.सी. के ग्रुप डायरेक्टर–ग्लोबल ऑपरेशंस श्री सलीम एम.ए. और जैम्स एजुकेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन श्री सन्नी वर्की शामिल थे।
औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 की प्रमुख विशेषताओं को उजागर करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य प्रतिस्पर्धी और निवेशक-अनुकूल माहौल तैयार करना, औद्योगिक विकास को तेज करना, कारोबार करने में आसानी को बढ़ावा देना और रोजगार पैदा करने वाले निवेशों को प्रोत्साहित करना है, जिसमें ‘इन्वेस्ट पंजाब’ सभी प्रकार की मंजूरियों, क्लीयरेंस, भूमि संबंधी सहायता और परियोजना को शुरू से अंत तक पूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए सिंगल-पॉइंट सुविधा केंद्र के रूप में काम कर रहा है।
श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब निवेश के लिए रणनीतिक स्थान, शानदार कनेक्टिविटी, कुशल मानव शक्ति, मजबूत औद्योगिक आधार, उद्यमशील प्रतिभा और एक बड़े घरेलू बाजार तक पहुंच प्रदान करता है और उन्होंने यू.ए.ई. की कंपनियों को राज्य की निवेश-अनुकूल नीतियों और गतिशील कारोबारी इकोसिस्टम का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि पंजाब फूड प्रोसेसिंग और कृषि-आधारित उद्योगों, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग, शिक्षा और कौशल विकास, मैन्युफैक्चरिंग, आई.टी., नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य उभरते क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने निवेशकों को समयबद्ध सुविधाओं, सुचारू मंजूरियों, जवाबदेह प्रशासन और ‘इन्वेस्ट पंजाब’ के माध्यम से समर्पित सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान श्री अमन अरोड़ा ने ए.आई.एम. दुबई में यू.ए.ई. में भारत के राजदूत श्री दीपक मित्तल, आई.एफ.एस. से भी मुलाकात की। इस बैठक में कौशल विकास, कृषि और फूड प्रोसेसिंग में सहयोग के लिए क्षेत्र-विशेष अवसरों की तलाश करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। श्री अरोड़ा ने उजागर किया कि पंजाब निवेश आकर्षित करने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, रोजगार पैदा करने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी औद्योगिक इकोसिस्टम स्थापित करने के लिए अधिक लाभकारी प्रोत्साहन प्रदान करता है।
श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि ए.आई.एम. दुबई में पंजाब की भागीदारी मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा विश्व स्तरीय निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आकर्षित करने और पंजाब की नई निवेश नीति से पैदा हुए अनुकूल अवसरों को वैश्विक मंच तक प्रदर्शित करने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल निवेश लाना ही नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना है, जो रोजगार पैदा करे, उद्योग को मजबूत करे और पंजाब के आर्थिक विकास में तेजी लाए।”
उल्लेखनीय है कि श्री अमन अरोड़ा के नेतृत्व वाले पंजाब के प्रतिनिधिमंडल में सी.ई.ओ. इन्वेस्ट पंजाब श्री अमित ढाका, निदेशक उद्योग एवं वाणिज्य श्री जसप्रीत सिंह और एम.डी. पंजाब वित्त निगम मैडम सेनू दुग्गल शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल ठोस निवेश प्रस्तावों की पहचान और राज्य के साथ साझेदारी को सुगम बनाने के लिए वैश्विक और यू.ए.ई. आधारित निवेशकों तथा व्यापारिक घरानों के साथ लगातार बैठकें कर रहा है।


























