नासिक में गर्लफ्रेंड ने लिव-इन पार्टनर का गला रेतकर की हत्या, 18 घंटे शव घर पर रखने के बाद कसारा घाट में फेंका

23

नाशिक में एक महिला ने कथित तौर पर अपने पुरुष दोस्त की मदद से अपने लिव-इन पार्टनर का गला रेतकर हत्या कर दी और शव को कसारा घाट में फेंका। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। नाशिक क्राइम ब्रांच मामले की आगे की जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, महिला ने सबूत मिटाने के लिए शव को लगभग 18 घंटे तक घर में रखा, फिर आधी रात को कार में शव ले जाकर कसारा घाट पर फेंक दिया। क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने कसारा घाट से शव बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान वसंत गोरखनाथ सतपुते (40 वर्ष), निवासी स्वराजनगर, पाथर्डी फाटा के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि पीड़ित की शराब और जुए की लत हत्या की वजह हो सकती है।

जांच में पता चला है कि महिला ने वसंत की हत्या के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर साजिश रची थी। पुलिस ने इस मामले में हसीना शेख, साहिल शाह और मोइन शाह को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी अभी पुलिस हिरासत में हैं। नासिक क्राइम ब्रांच मामले की आगे की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, वसंत सतपुते और आरोपी हसीना शेख़ लगभग 15 साल से साथ रह रहे थे। पुलिस को शक है कि वसंत को शराब और जुए की लत थी। अभी इस बात की जांच की जा रही है कि क्या इन लतों की वजह से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।