12 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक स्तर पार कर लिया है। शुक्रवार सुबह राजधानी धुंध और हल्के कोहरे की चादर में ढकी रही, जबकि आसमान में स्मॉग भी साफ नजर आया। इससे दृश्यता कम हुई और लोगों को सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। कई लोग मास्क पहनकर ही बाहर निकले, खासकर सांस और फेफड़ों के मरीजों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
हवा की गति धीमी पड़ने के कारण प्रदूषण तेजी से बढ़ा है। दो दिन तक ‘खराब’ श्रेणी में रहने के बाद गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, शुक्रवार सुबह राजधानी का औसत AQI 326 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में प्रदूषण गंभीर स्तर के करीब पहुंच गया है।
-
जहांगीरपुरी में AQI 401
-
अलीपुर 347, आनंद विहार 386
-
अशोक विहार 374, बवाना 365
-
बुराड़ी 350, चांदनी चौक 362
-
आईटीओ 354, रोहिणी व विवेक विहार 384
-
वजीरपुर 382, सोनिया विहार 338
-
द्वारका सेक्टर 8 में 335 और आरकेपुरम 338
कई जगहों पर हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ के साथ-साथ ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब पहुंच गई है।
शनिवार तक राहत की उम्मीद नहीं
सीपीसीबी के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार तक दिल्ली की हवा इसी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रह सकती है। ऐसे में सांस के मरीजों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रदूषित हवा के कारण आंखों में जलन, खांसी और सांस फूलने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।


















