दिल्ली जल बोर्ड STP टेंडर घोटाला: ACB की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 6 को किया गिरफ्तार

22

Delhi Jal Board STP Tender Scam: दिल्ली एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के टेंडर में कथित अनियमितता, टेंडर शर्तों में हेरफेर और भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों के नाम पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ और IAS उदित प्रकाश राय, पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, मेसर्स ए.एन. एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नगेंद्र यादव, मेसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार, मेसर्स सृजनहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा के नाम शामिल हैं.

ACB के मुताबिक, जांच में आरोप है कि STP के टेंडर में ऐसी तकनीकी शर्तें डाली और बदली गईं, जिससे एक खास तकनीक उपलब्ध कराने वाली कंपनी को फायदा मिल सके और दूसरी कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा सीमित हो जाए।

जांच में निजी कंपनियों और सरकारी अधिकारियों के बीच कथित सांठगांठ और टेंडर से जुड़े दस्तावेजों, शर्तों और corrigendum के आदान-प्रदान की बात सामने आई है।

ACB का दावा है कि वित्तीय जांच में करीब 1.52 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत का पता चला है, जो तत्कालीन DJB CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में AN Enterprises के जरिए पहुंचाई गई। जांच एजेंसी के अनुसार, इन पैसों का इस्तेमाल कथित तौर पर अचल संपत्ति खरीदने में किया गया।

ACB ने कहा है कि रकम के पूरे मनी ट्रेल और कथित अपराध से अर्जित संपत्ति की जांच जारी है।

छहों आरोपियों को 18 अगस्त 2026 को पूछताछ के बाद कानून के मुताबिक गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।