आंध्र प्रदेश में बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर, 7 लोगों की मौत, कई घायल

1

आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार को भयानक हादसा हुआ। यहां चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर एक प्राइवेट ट्रैवल बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर हो गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं।

अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक चिलाकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे। यह हादसा चिलकलुरिपेट मंडल में अड्डा रोड के पास हुआ। बस विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही थी, तभी वह ऑटो-रिक्शा से टकरा गई। ऑटो में सवार यात्री कोंडा मंजुरु से वेल्लोर एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, 108 आपातकालीन एम्बुलेंस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के मुताबिक, ऑटो-रिक्शा सड़क की गलत साइड पर आ गया था और बस के रास्ते में आ गया। उस समय बस की रफ़्तार लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी।

परिवहन मंत्री ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने इस हादसे पर हैरानी और दुख जताया और कहा कि टक्कर में सात लोगों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि सड़क हादसों में कीमती जानें जा रही हैं।

हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने कहा, ‘सफर लोगों को उनकी मंजिल तक ले जाना चाहिए, न कि उनकी आखिरी मंजिल तक।’ रामप्रसाद रेड्डी ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।