भारत ने एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को एक मिनट के अंदर 2 गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। बॉक्सर अंकुश पंघाल ने पुरुषों की 80 किग्रा वेट कैटेगरी में गोल्ड जीता। उन्होंने दक्षिण कोरियाई बॉक्सर किम मिन-सियोंग को को 4-0 से हराया। अंकुश के गोल्ड के साथ आज भारतीय बॉक्सिंग के तीन गोल्ड मेडल हो गए हैं। क्योंकि इससे ठीक एक मिनट पहले सुजीत कलकल ने रेसलिंग के पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में ऐतिहासिक वापसी करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
फ़ाइनल मुक़ाबले में ताजिकिस्तान के अब्दुलमज़िद कुदिएव के ख़िलाफ़ खेलते हुए, सुजीत शुरुआत में लड़खड़ा गए थे, लेकिन उन्होंने शानदार जीत हासिल की।
ध्यान देने वाली बात यह है कि मेडल इवेंट में कुदिएव शुरू से ही आगे रहे। सुजीत ने फ़ाइनल तक पहुँचने के लिए एक ओलंपिक चैंपियन को हराया था। फाइनल में सुजीत ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए कुदिएव को 10-9 से हराया।
इससे भी पहले बॉक्सर परवीन हुड्डा ने विमेंस 65 किग्रा और लवलीना बोरगोहेन ने विमेंस 75 किग्रा वेट कैटेगरी में गोल्ड जीता। महिला 65 किग्रा के फाइनल में भारत की परवीन हुड्डा ने चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर गोल्ड जीता।
पहली बार 3 भारतीय मुक्केबाज एशियन गेम्स में चैंपियन बने हैं। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने गोल्ड के लिहाज से ऑल टाइम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने 3 गोल्ड और 3 ब्रॉन्ज समेत कुल 6 मेडल जीते।
सुबह भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने रिकर्व इवेंट में भी गोल्ड दिलाया। इसके साथ भारत के 15 गोल्ड मेडल हो गए हैं और वह मेडल टैली में 5वें नंबर पर पहुंच गया है।























