चंडीगढ़/मानसा: पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और केमिस्ट अश्वनी कुमार को राजस्थान से गिरफ्तार किए जाने की खबर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को राजस्थान के सालासर से दबोचा गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले को लेकर बुधवार, 14 अक्टूबर को मानसा में पुलिस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी।
हत्या के विरोध में मानसा बंद
परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में सिख संगठनों ने बुधवार को मानसा बंद का आह्वान किया है। बंद के चलते शहर में दुकानें और कारोबार बंद हैं। संगठनों ने लोगों से पीड़ित परिवार के समर्थन में एकजुट होने और न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस घटना ने लोगों में गुस्सा पैदा कर दिया है और परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए।
फेसबुक लाइव के दौरान मारी गईं तीन गोलियां
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को एक फेसबुक लाइव के दौरान नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा को गोली मार दी गई थी। आरोप है कि मानसा के केमिस्ट अश्वनी कुमार ने उन्हें तीन गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की केमिस्ट दुकान में तोड़फोड़ की और सामान बाहर फेंक दिया। इसके अलावा, मानसा सिविल अस्पताल के बाहर भी लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
परिवार ने की सीबीआई जांच की मांग
रिपोर्टों के मुताबिक, मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी देर रात प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने अपनी मांगों पर अड़े रहते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए।
फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों पर पंजाब पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।






















