राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ लागातार दिन में दूसरी FIR दर्ज, विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस से मारपीट का आरोप

5

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ FIR दर्ज की है। उन पर आरोप है कि बुधवार को राजधानी में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाली।

FIR में विरोध प्रदर्शन में शामिल कई अन्य कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि यह मामला प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं के संबंध में दर्ज किया गया है और पुलिस आरोपों तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान 91 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें कई सांसद और विपक्षी नेता भी शामिल थे।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक तीन FIR दर्ज हुई हैं। इससे पहले, 6 अक्टूबर को मार्च के दौरान आकाशवाणी बिल्डिंग में घुसने के मामले में FIR दर्ज हुई थी। राहुल गांधी ने कहा था, ‘मैं FIR से डरता नहीं हूं। मेरे खिलाफ 45 FIR हो चुकी हैं। मैं चाहता हूं 100 FIR हों।’

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में विपक्ष गुरुवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली में प्रदर्शन करेगा। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार दूसरे दिन INDIA ब्लॉक के नेताओं के लिए लंच रखा है। यह लंच कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में दोपहर 1:45 बजे होगा।

CEC के खिलाफ़ विपक्ष के ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन की अगुवाई राहुल ने की

बुधवार को राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। विपक्षी सांसद शाकाहारी लंच मीटिंग के बाद बसों के काफिले में जंतर-मंतर के पास अचानक धरने पर बैठने के लिए पहुंचे। हालांकि, लगातार दूसरे दिन पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ़ तय विरोध प्रदर्शन को बीच में ही रोक दिया और गांधी व कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।

गांधी ने कहा, “जब तक (मुख्य चुनाव आयुक्त) ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, हम विरोध करना बंद नहीं करेंगे। यह देश की सबसे पवित्र चीज़ की रक्षा की लड़ाई है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह ऐसा कुछ नहीं कर सकते जो हमें रोक सके।”