दिल्ली पुलिस पर तीन महिला पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी मामले की जांच

14

नई दिल्ली: तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर गलत व्यवहार का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। अब क्राइम ब्रांच महिला पत्रकारों के बयान दर्ज करेगी और पूरे मामले की जांच करेगी। एक पत्रकार ने दावा किया कि जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा था, तब वहां कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लिया जा रहा था, तो ACP विवेक भगत ने उनकी छाती पर मारा और उन्हें धक्का देकर वहां से चले गए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के ज़रिए गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली भर में महिलाएं और छात्राएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और ‘सत्याग्रह’ (शांतिपूर्ण विरोध) कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आती है और ज़ोर देकर कहा कि अमित शाह को इसका जवाब देना चाहिए।