पंजाब के मशहूर LGBTQ इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की शनिवार को अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने के बाद वह सड़क पर खून से लथपथ हालत में मिले। सड़क पर उनकी हालत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो लोगों ने मैड संधू पर फायरिंग की।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी है। एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस सिरीवेनेला ने कहा, “दो अज्ञात लोगों ने शाम करीब 6 बजे उन पर गोली चलाई।” वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए. घटना के बाद संधू को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह घटना बठिंडा में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की इसी तरह की हत्या के एक साल बाद हुई है। उस मामले में, एक कट्टरपंथी सिख व्यक्ति ने हत्या की ज़िम्मेदारी ली थी और तर्क दिया था कि इन्फ्लुएंसर के वीडियो “अश्लील” थे।
संधू, जिनका पूरा नाम मधुसूदन था, अक्सर मेकअप, फ़िल्म इंडस्ट्री और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर बात करने के लिए पॉडकास्ट में गेस्ट के तौर पर शामिल होते थे। उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार होमोफोबिक ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता था। वह अक्सर इसका जवाब देते हुए कहते थे, “भगवान ने मुझे जैसा बनाया है, मैं वैसा ही हूँ,” और उन्होंने कभी भी अपने गे होने की बात नहीं छिपाई।
हालांकि उनके परिवार के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन संधू ने अपने प्रोफ़ेशनल करियर की शुरुआत फ़ैशन इंडस्ट्री में स्टाइलिस्ट और पंजाब व मुंबई की फ़िल्मों में असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर के तौर पर की थी। उन्हें इंस्टाग्राम रील्स और वायरल वीडियो से बहुत लोकप्रियता मिली, जिनमें वे लग्ज़री लुक के टिप्स, लाइफ़स्टाइल कंटेंट और सामाजिक रीति-रिवाजों, LGBTQ+ को स्वीकार करने और पॉप कल्चर पर खुलकर अपनी राय शेयर करते थे। उन्होंने ‘ओये भोले ओये’ सीरीज़ जैसी कुछ पंजाबी फ़िल्मों में एक्टिंग भी की थी।


























