Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में PG इमारत ढही: कई छात्र फंसे, फोन कॉल के जरिए बच्चों तक पहुंचने की कोशिश

6

रविवार को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि गिरी हुई इमारत में एक हॉस्टल था, जिसमें छात्र रहते थे। हर तरफ मलबे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मलबे के नीचे कई बच्चों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य शुरू हो गया है और कई लोगों को बचाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हॉस्टल में करीब 50 छात्र थे। उन्हें बचाने के लिए फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौजूद हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे से दो-तीन लोगों को बचाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायर डिपार्टमेंट को दोपहर 1:30 बजे दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक इमारत गिरने की सूचना मिली।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने दावा किया कि मलबे में फंसे कुछ छात्रों ने फोन कर मदद मांगी है। हालांकि, उन्होंने मलबे में फंसे लोगों की सही संख्या की पुष्टि नहीं की है। विधायक ने कहा, “यह बताना मुश्किल है कि मलबे में पांच, 10 या 20 छात्र फंसे हैं। लेकिन इतना निश्चित है कि छात्र अंदर फंसे हुए हैं। कुछ छात्रों ने मलबे के अंदर से फोन भी किए हैं।” उन्होंने बताया कि कुछ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि कई अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

हादसे के बाद दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस, मेडिकल टीम और आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया है। अधिकारियों ने मलबा हटाने के लिए करीब 12 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी हैं।

समाचार एजेंसी ANI को मिली जानकारी के अनुसार, “जो इमारत गिरी है, उसका नाम ‘हॉस्टल डेज़’ है। ठीक उसके बगल में एक और इमारत है जो गिर गई। ‘हॉस्टल डेज़’ खास तौर पर लड़कों का PG था; यह पाँच मंज़िला इमारत थी। बगल वाली इमारत भी गिर गई।”

सीएम रेखा गुप्ता ने जताई चिंता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी हादसे पर चिंता जताई। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह सत्य निकेतन, आरके पुरम में हुई इमारत गिरने की घटना को लेकर बेहद चिंतित हैं।

बता दे कि फिलहाल बचाव दल मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। फोन कॉल के जरिए अंदर फंसे छात्रों की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।