Punjab Weather: पंजाब में छाए काले बादल, जालंधर-पठानकोट और मोहाली में बारिश, 5 ज़िलों के लिए अलर्ट जारी

10

पंजाब में मौसम बदल गया है। राज्य के जिलों में काले बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार को जालंधर और पठानकोट में बारिश हुई, साथ ही चंडीगढ़ और मोहाली में भी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज (4 सितंबर) पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर और मोहाली के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, चंडीगढ़ में बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

राज्य के अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट आई। सबसे ज़्यादा तापमान बठिंडा में 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 4 और 5 सितंबर को बारिश तेज़ होगी, जिसके बाद भी बारिश की संभावना बनी रहेगी। गौरतलब है कि मानसून सीज़न के दौरान बारिश सामान्य से 34% कम हुई है।

चंडीगढ़ समेत कई ज़िलों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, आज गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

9 सितंबर तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी हरियाणा में एक साइक्लोनिक सिस्टम और मॉनसून ट्रफ के असर से पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का दौर जारी रहेगा। पंजाब में 9 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

बारिश के कारण बिजली की मांग में गिरावट

पंजाब में कुल बिजली की मांग 11,944 MW रही, जबकि राज्य ने 3,799 MW बिजली बनाई। ग्रिड से कुल 8,146 MW बिजली ली गई, जो तय मात्रा से 68 MW ज़्यादा है। ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50 Hz रिकॉर्ड की गई। हालांकि, गुरुवार को दिन में बिजली की मांग 15,000 MW को पार कर गई थी।