इस अफ़्रीकी देश में भारी बारिश के कारण कचरे का पहाड़ ढहा; 30 लोगों की मौत, लापता लोगों की तलाश जारी

12

रविवार सुबह अफ़्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में एक बड़ा हादसा हुआ। भारी बारिश के कारण शहर के सबसे बड़े लैंडफिल (कचरा डंप) में जमा कचरे का एक विशाल ढेर अचानक ढह गया, जिससे कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

गिनी सरकार के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी कोनाक्री के ‘दार-ए-सलाम’ इलाके में स्थित कचरा डंप (लैंडफिल) में भारी बारिश के बाद तड़के करीब 2 बजे कचरे का एक बड़ा ढेर ढह गया। कचरे के ढेर के ढहने से भूस्खलन जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिससे पास में बनी मिट्टी की कई झोपड़ियां मलबे के नीचे दब गईं। बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की।

अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादौ बेलो ने कहा कि रविवार को शहर के बड़े खुले कचरा डंप को बंद करने का फैसला किया गया।

प्रशासन के अनुसार, कचरा डंप (लैंडफिल) के पास रहने वाले लोगों को पहले ही इलाका खाली करने का नोटिस जारी किया जा चुका था। हालांकि कई परिवार बाद में वहां से चले गए थे, लेकिन घटना के समय कुछ लोग अभी भी उस इलाके में मौजूद थे। इसी वजह से कचरे का ढेर गिरने पर कई झोपड़ियां और मकान मलबे में दब गए।

क्षेत्रीय प्रशासन और विकेंद्रीकरण मंत्री दियेनाबू तुरे ने कहा कि सरकार हादसे के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए कदम उठाएगी।