Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में भारी बारिश, 5 ज़िलों में स्कूल बंद

17

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के चार ज़िलों में कल देर रात से हो रही भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में तेज बौछारें पड़ीं। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा इलाके में पहाड़ी नाले के उफान पर आने से केदारनाथ हाईवे पर मलबा आ गया, जिससे 10 से ज़्यादा गाड़ियां कीचड़ में फँस गईं। अलकनंदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया है, इसलिए प्रशासन लाउडस्पीकर के ज़रिए लोगों से अपील कर रहा है कि वे तुरंत नदी के किनारों से हटकर सुरक्षित जगहों पर चले जाएँ।

प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल ज़िलों में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। राज्य में 9 अगस्त तक मौसम के ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।

चमोली के विनायक चट्टी इलाके में बादल फटने जैसी घटना की खबर है। हेलंग और आमसौद के पास भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है, जिससे 200 से ज़्यादा यात्री फँस गए हैं।

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए देहरादून, चमोली और बागेश्वर ज़िलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग ज़िलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।