Pradeep Rawat Death News: ‘गजनी’ और ‘लगान’ जैसी कई बड़ी फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले अनुभवी अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। उनके निधन से प्रशंसक और फ़िल्म जगत गहरे शोक में है।
जानकारी के अनुसार प्रदीप रावत कैंसर से पीड़ित थे। यह बीमारी दोबारा लौट आई थी। पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था।
एक्टर प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे मुंबई की बेस्ट कॉलोनी के पास गोरेगांव (पश्चिम) में होगा। प्रदीप रावत के करीबी दोस्त और अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।
रावत का प्रोफेशनल सफ़र सभी को पता था, लेकिन एक्टर ने अपनी पर्सनल ज़िंदगी को ज़्यादातर लाइमलाइट से दूर ही रखा। प्रदीप रावत शादीशुदा थे और उनका भरापूरा परिवार है। उनके परिवार में उनकी पत्नी और बच्चे हैं।
प्रदीप रावत के परिवार के बारे में
‘गजनी’ फ़िल्म के एक्टर प्रदीप रावत के परिवार में उनकी पत्नी कल्याणी रावत और बेटा विक्रमादित्य रावत हैं। उनका परिवार ज़्यादातर मीडिया और लाइमलाइट से दूर ही रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कल्याणी रावत तेलुगु भाषी परिवार से हैं और फ़िल्म इंडस्ट्री से नहीं जुड़ी हैं। उन्होंने अपनी ज़िंदगी को निजी रखा है और उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी प्राइवेट है। उन्हें कभी-कभी अनुभवी एक्टर प्रदीप रावत के साथ इवेंट्स में देखा जाता था।
प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में निधन
ANI के अनुसार, प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ आर. तिवारी ने बताया कि एक्टर का पिछले एक महीने से मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में इलाज चल रहा था। हाल ही में उन्हें भिवंडी के एक कैंसर अस्पताल में शिफ़्ट किया गया था।
प्रदीप रावत का एक्टिंग करियर
बता दें कि अनुभवी एक्टर प्रदीप रावत ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत बीआर चोपड़ा के मशहूर शो ‘महाभारत’ से की थी, जिसमें उन्होंने अश्वत्थामा का रोल निभाया था। बाद में वे दूरदर्शन के कई शो में नज़र आए, जिनमें ‘तहकीकात’, ‘चंद्रकांता’, ‘युग’ और ‘गुल सनोबर’ शामिल हैं।
बता दे कि प्रदीप ने इसके बाद हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में काम किया।
उन्होंने राज बब्बर की फिल्म ‘एतबार’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद वे ‘अग्निपथ’, ‘पत्थर के फूल’, ‘संगदिल सनम’, ‘कोयला’, ‘सरफरोश’, ‘लगान’ और गजनी जैसी फिल्मों में नज़र आए। आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘लगान’ में उन्होंने एक सपोर्टिंग रोल निभाया था। उन्हें आमिर खान की फिल्म ‘गजनी’ में विलेन के रोल से काफी पहचान मिली, जिसमें उन्होंने गजनी धर्मात्मा का किरदार निभाया था।
प्रदीप रावत ने साउथ सिनेमा में भी खूब काम किया है और कई यादगार विलेन के किरदार निभाए। इसके अलावा उन्होंने कन्नड़ फिल्म पैरोडी, मलयालम फिल्म चाइना टाउन, बंगाली फिल्म हीरो 420 और भोजपुरी फिल्म क्रैक फाइटर में भी एक्टिंग की थी।
प्रदीप रावत आखिरी बार नेपाली फैमिली ड्रामा ‘आ बाटा आमा’ में नज़र आए थे, जो 30 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी।
सोनू सूद ने प्रदीप रावत को दी श्रद्धांजलि
एक्टर सोनू सूद ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रदीप रावत की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर कर लिखा, ‘प्रदीप रावत भाई, आपकी कमी हमेशा महसूस होगी। आप हमेशा याद आएंगे।’
यशपाल शर्मा और गजेंद्र चौहान समेत कई मशहूर हस्तियों ने प्रदीप रावत के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए।

























