देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से तबाही मच गई है। केरलम में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड और बाढ़ से 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 8 लोग लापता हैं। सरकार ने 209 राहत शिविर बनाए हैं, जहां 5,792 लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है।
केरल मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के मुताबिक, भारी बारिश से अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 लोग लापता हैं। इस आपदा में 13 लोग घायल हुए हैं। बारिश और लैंडस्लाइड के कारण 27 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घरों को नुकसान पहुंचा है।
कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार सुबह लैंडस्लाइड में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और 3 साल का बेटा संतोष शामिल हैं। हादसे के समय तीनों पहाड़ी के पास बने घर में सो रहे थे।
केरल के अलप्पुझा जिले के कुट्टनाड और अपर कुट्टनाड क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

























