चंडीगढ़, 20 जून 2026:
पंजाब सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 2,437 अप्रेंटिस ट्रेनिज़ को सहायक लाइनमैन (एएलएम) के रूप में भर्ती करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में घोषणा पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की।

वित्त मंत्री ने कहा कि यह फैसला लंबे समय से अपनी नियुक्ति की मांग कर रहे अप्रेंटिस ट्रेनिज़ के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पीएसपीसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पंजाब के एडवोकेट जनरल की कानूनी राय पर विचार करने के बाद 2,437 अप्रेंटिस ट्रेनिज़ की भर्ती को मंजूरी दे दी है। ये सभी प्रशिक्षु वर्तमान में पीएसपीसीएल और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) में लाइनमैन ट्रेड के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पात्र उम्मीदवारों के लिए पंजाबी भाषा की अनिवार्य परीक्षा एक विशेष एकमुश्त छूट के तहत आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा का कार्यक्रम जल्द ही पीएसपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा, जिसके बाद भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का मानना है कि युवाओं को रोजगार देकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाया जा सकता है तथा उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। इसी सोच के तहत राज्य सरकार लगातार रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2022 से अब तक पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में कुल 9,627 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इनमें 8,048 उम्मीदवारों की नियुक्ति सीधी भर्ती के माध्यम से तथा 1,579 नियुक्तियां तरस (Compassionate Ground) के आधार पर की गई हैं।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इसी वर्ष मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा विभिन्न श्रेणियों के 570 चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए थे। इसके अलावा लगभग 3,000 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जारी है, जिसके नवंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादे को लगातार पूरा कर रही है और आने वाले समय में भी सरकारी विभागों में योग्य उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर बिजली विभाग के प्रशासनिक सचिव एवं पीएसपीसीएल के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. बसंत गर्ग भी उपस्थित रहे।




















